Last Updated: Monday, August 5, 2013, 13:32
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में आज कुछ लोगों द्वारा सट्टे के नंबर जानने के लिए तंत्रक्रिया हेतु अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ ही दिन पूर्व दफन किए गए एक किशोर की कब्र से उसकी खोपड़ी निकाल लेने पर तनाव पनप गया।
बाद में, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर खोपड़ी बरामद कर लोगों के आक्रोश को शांत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार अब उक्त कस्बे में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना मगोर्रा क्षेत्र के सोंख कस्बे में रविवार की सुबह जब लोगों ने कब्रिस्तान में खुदी पड़ी एक कब्र में से उसमें गत माह ही दफनाए गए एक 15 वर्षीय किशोर की खोपड़ी गायब देखी तो उनमें आक्रोश पनप गया।
अल्पसंख्यक समुदाय के लोग सार्वजनिक रूप से जमघट लगाकर पुलिस व प्रशासन के खिलाफ गुस्सा व्यक्त करने लगे। तभी कस्बे में दूसरे छोर पर कुछ लोगों ने दो व्यक्तियों को एक नल पर खोपड़ी धोते देखा तो पुलिस को सूचित कर दिया।
पुलिस ने उन दोनों व्यक्तियों प्रेम सिंह पुत्र निनुआ व रामकुमार पुत्र चतुभरुज गुप्ता को गिरफ्तार कर खोपड़ी कब्जे में ले ली। उनसे पूछताछ में तीसरे साथी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सोनू पुत्र पूरन को भी दबोच लिया किंतु उन लोगों से खोपड़ी लाने की मांग करने वाला तांत्रिक फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उक्त तांत्रिक ने उन्हें सट्टेबाजी के लिए सटीक नंबर जानने के लिए तंत्र क्रिया के लिए किसी किशोर की खोपड़ी लाने को कहा था। जिस पर उन्होंने यह काम किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुलाब सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे स्वयं मौके पर पहुंच गए थे तथा समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले को शांत करा दिया गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 5, 2013, 13:32