Last Updated: Thursday, August 8, 2013, 13:30
ज़ी मीडिया ब्यूरोलखनऊ : उत्तर प्रदेश के मथुरा में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सितंबर में होगी। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री व केंद्रीय चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। यह फैसला यहां भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में किया गया।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने बताया कि कार्यसमिति की बैठक के बाद मोदी लगभग 15 हजार कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसमें मंडल अध्यक्ष और मंडल महामंत्री के ऊपर के पदाधिकारी शामिल होंगे।
केंद्रीय चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष बनने के बाद मोदी पहली बार उत्तर प्रदेश आएंगे। संभवत: वह पहली बार प्रदेश में पार्टी के किसी अधिकृत फोरम की बैठक में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राजनाथ सिंह भी पहली बार भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि पार्टी के रणनीतिकारों ने मोदी के मथुरा दौरे के बहाने उनकी यूपी में सक्रियता का संदेश देने की रणनीति बनाई है।
जैसी पहले से ही चर्चा है कि नरेंद्र मोदी को यूपी से चुनाव लड़ाया जा सकता है। इस नाते उनका मथुरा दौरा काफी अहम माना जा रहा है। दरअसल, भाजपा जिन मुद्दों पर हिंदुत्व के मुद्दे को धार देती है उसमें अयोध्या और काशी के साथ-साथ मथुरा भी है। जनसंघ के संस्थापकों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली भी यहीं है।
First Published: Thursday, August 8, 2013, 13:30