मधु कोड़ा की रांची के जेल में पिटाई - Zee News हिंदी

मधु कोड़ा की रांची के जेल में पिटाई

 

रांची : चार हजार करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप में जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की अच्छे भोजन की मांग पर सोमवार को कथित रुप से रांची स्थित होतवार जेल के सिपाहियों ने पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गए और उन्हें राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया।

 

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने आज यहां आरोप लगाया कि रांची स्थित होतवार जेल में अच्छे भोजन की मांग के साथ वह दो दिनों से जेल के भीतर ही अनशन पर थे। मगर अच्छा भोजन देने के बजाय आज जेल के सिपाहियों ने उनकी पिटाई कर दी, जिससे उनके दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई।

 

जेल से इलाज के लिए राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ले जाते समय मीडिया से बातचीत में कोड़ा ने आरोप लगाया कि अच्छे भोजन की मांग करने पर उनके उपर जेल प्रशासन ने लाठीजार्च कराया, जिससे वह घायल हो गए। कोड़ा ने कहा कि जेल में मेरी जान को खतरा है। मेरी पिटाई के पूरे मामले की न्यायिक जांच करवाई जाए।

 

इस बीच, जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि जेल के भीतर हाथापाई में कोड़ा गिर गए और उनके दायें हाथ में चोट आई है। कोड़ा को चोट लगने के बाद रिम्स में भर्ती करा दिया गया है। घटना के कारणों के बारे में उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। कोड़ा ने मुख्यमंत्री के रुप में चार हजार करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले के आरोप में तीन नवंबर 2009 को गिरफ्तार हुए थे और उसी समय से वह जेल में बंद है।

(एजेंसी)

First Published: Monday, October 31, 2011, 17:32

comments powered by Disqus