Last Updated: Thursday, July 5, 2012, 12:50
भोपाल : मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में दस्तक देने के बाद ठिठक चुके मानसून ने राज्य के अन्य हिस्सों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। राजधानी भोपाल में तो मानसून ने गुपचुप दस्तक दे दी है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जबलपुर तक पहुंच चुका मानसून बुधवार को होशंगाबाद, भोपाल, इंदौर, उज्जैन तथा सागर सम्भाग की ओर बढ़ गया।
भोपाल में मानसून का प्रवेश कमजोर तरीके से हुआ है। राजधानी में बादल तो छाए रहे मगर बरसे नहीं। वहीं ग्वालियर में साढ़े सात और जबलपुर में साढ़े चार मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में रीवा, सागर, जबलपुर, भोपाल, शहडोल व इंदौर सम्भाग के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो सकती है।
मौसम में आए बदलाव के चलते तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है, मगर उमस का असर बना हुआ है। राजधानी का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24़ 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, July 5, 2012, 12:50