Last Updated: Monday, March 19, 2012, 04:02
भोपाल : मध्यप्रदेश से राज्यसभा के पांच स्थानों पर द्विवाषिर्क चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी नजमा हेपतुल्ला, कप्तान सिंह सोलंकी, फग्गन सिंह कुलस्ते एवं थावरचंद गहलोत यहां सोमवार को अपना नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे।
राज्यसभा चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी एवं राज्य विधानसभा के प्रमुख सचिव राजकुमार पाण्डेय के समक्ष अपने पर्चे दाखिल करने से पहले भाजपा के ये सभी प्रत्याशी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा के साथ प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे तथा वहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी ने सत्यव्रत चतुर्वेदी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है, लेकिन इस बारे में अब तक आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। राज्य विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या के मद्देनजर उसे तीन सीटें मिलनी तय हैं, जबकि एक स्थान कांग्रेस को उसकी सदस्य संख्या के आधार पर मिलेगा, जबकि पांचवें स्थान के लिए यदि कांग्रेस ने अपना कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा, तो वह भी उसे बिना चुनाव लड़े मिल जाएगा।
प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 152, कांग्रेस के 66, बसपा के सात एवं सपा का एक तथा तीन निर्दलीय सदस्य हैं। सदन में एक स्थान खरगौन जिले का महेश्वर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रिक्त है। (एजेंसी)
First Published: Monday, March 19, 2012, 09:32