Last Updated: Friday, March 22, 2013, 17:40

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बलात्कार के बढ़ते मामलों का संबंध बढ़ती आबादी से जोड़ा, वहीं दावा किया कि कोलकाता में नवंबर 2012 तक इस तरह के 45 मामले सामने आए जबकि उसी साल दिल्ली में 621 मामले सामने आए।
बनर्जी ने विधानसभा को बताया, ‘आबादी बढ़ रही है। क्या पश्चिम बंगाल की जनसंख्या उतनी ही है जितनी बिधानचंद्र राय के समय थी। आपने कानून व्यवस्था की स्थिति पर कई सवाल उठाए हैं। आप कह रहे हैं कि दुष्कर्म के मामले बढ़ रहे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘आबादी बढ़ रही है, कारों की संख्या बढ़ रही है, आधारभूत संरचना का विकास हो रहा है, शॉपिंग मॉल बढ़ रहे हैं, मल्टिप्लेक्स बन रहे हैं, नौजवान और आधुनिक हो रहे हैं। क्या आप उनका स्वागत नहीं करेंगे।’ ममता ने आरोप लगाया कि अखबार जान-बूझकर बलात्कार के मामलों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करते हैं, पहले महिलाएं इस तरह के मामले दर्ज कराने में हिचकिचाती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘सामाजिक चेतना बढ़ रही है। अब वे शिकायत दर्ज करा रही हैं। यह शुभ संकेत है। पहले तो शिकायत भी दर्ज नहीं की जाती थी।’ उन्होंने कहा कि 2011 में दिल्ली में बलात्कार के 453 मामले, मुंबई में 221, बेंगलुरु में 97 और चेन्नई में 76 मामले सामने आए, जबकि 2012 में दिल्ली में ऐसे 621 मामले सामने आए। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 22, 2013, 16:17