Last Updated: Wednesday, September 19, 2012, 21:32
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अध्यक्षता में आज आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में कांग्रेस के दो मंत्री शामिल नहीं हुए क्योंकि तृणमूल कांग्रेस के केंद्र से समर्थन वापस लिये जाने के बाद राज्य मंत्रिमंडल में कनिष्ठ सहयोगी दल कांग्रेस को भविष्य के कदम को लेकर कांग्रेस आलाकमान के निर्देश का इंतजार है।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि सिंचाई मंत्री मानस भुइंया एवं मत्स्य पालन मंत्री अबु हिना ने मंत्रिमंडल की बैठक में हिस्सा नहीं लिया। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के मंत्री मंत्रिमंडल की बैठक में हिस्सा तभी लेंगे जब पार्टी आलाकमान की ओर से इसके लिए ‘हरी झंडी’ मिले। पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल में कांग्रेस के दो राज्य मंत्री भी हैं। प्रदेश कांग्रेस इकाई ने कहा कि उसने पार्टी आलाकमान से निर्देश मांगा है क्योंकि तृणमूल कांग्रेस के कल संप्रग सरकार से समर्थन वापस लिये जाने के बाद उसे सामान्य रूप से कार्य करने में परेशानी हो रही है।
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप भट्टाचार्या ने कहा, ‘हमने पार्टी आलाकमान को इस बारे में जानकारी दे दी है कि हमें ममता बनर्जी मंत्रालय में बने रहने और सामान्य रूप से कार्य करने में परेशानी हो रही है।’ यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस के चारों मंत्रियों को हटाने जाने की संभावना है, भट्टाचार्या ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया लेकिन कहा, ‘हमने पार्टी आलाकमान को जानकारी दे दी है और हमें उसके निर्देश का इंतजार है।’ भुइंया ने कहा, ‘हम राज्य मंत्रिमंडल में पार्टी आलाकमान के निर्देश के चलते हैं। हमें अब उसके निर्देश का इंतजार है।’ (एजेंसी)
First Published: Wednesday, September 19, 2012, 21:32