ममता मंत्रिमंडल छोड़ने को कांग्रेस मंत्री को अनुमति - Zee News हिंदी

ममता मंत्रिमंडल छोड़ने को कांग्रेस मंत्री को अनुमति

कोलकाता : कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को तनाशाह बताने के बाद मंत्रिमंडल छोड़ने की इच्छा जताने वाले मंत्री को शुक्रवार को हरी झंडी दे दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप भट्टाचार्य ने पार्टी के महासचिव शकील अहमद का हवाला देते हुए बताया कि कांग्रेस ने मनोज चक्रवर्ती को इस्तीफा देने की अनुमति दे दी है। भट्टाचार्य ने कहा कि मैंने इस बारे में मनोज को सूचित कर दिया है।

 

भट्टाचार्य से यह पूछने पर कि क्या कांग्रेस मंत्रिमंडल में चक्रवर्ती की जगह किसी और को मंत्री बनाने के लिए कहेगी। इस पर उन्होंने कहा कि हमने इस बारे में अबतक कोई फैसला नहीं किया है। वहीं, चक्रवती ने कहा है कि वह पार्टी के निर्णय से खुश हैं।

 

उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस हाई कमान का आभारी हूं। मैं बहुत खुश हूं। अब मैं कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए पार्टी के एक कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा। ज्ञात हो कि ममता ने अपने मंत्रिमंडल के फेरबदल में चक्रवर्ती से दो विभागों को वापस लेते हुए उनके पर कतर दिए थे। इसके बाद राज्य मंत्री चक्रवर्ती ने अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव राहुल गांधी और केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी को भेजा था।

 

विभाग वापस लिए जाने के बाद चक्रवर्ती ने ममता को तनाशाह बताते हुए उनके कामकाज पर सवाल उठाए थे। कांग्रेस नेतृत्व ने इसके पहले चक्रवर्ती से सहानुभूति दिखाई और कहा कि मंत्रिमंडल में अचानक हुए फेरबदल से उन्हें दुख पुहंचा। वहीं, कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि इस्तीफे के लिए चक्रवर्ती को अनुमति दिए जाने से तृणमूल कांग्रेस को यह संदेश गया है कि कांग्रेस उसकी दया पर नहीं है और गठबंधन के सहयोगी दल को नजरअंदाज करने की बनर्जी के रवैये को पार्टी सही नहीं ठहराती।

(एजेंसी)

First Published: Friday, January 20, 2012, 18:24

comments powered by Disqus