Last Updated: Sunday, June 23, 2013, 18:52
लातूर (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र के लातूर जिले के एक सरकारी अस्पताल में शनिवार को पोलियो के संक्रमण से 11 महीने के एक बच्चे की मौत हो गई। पोलियो मुक्त राष्ट्र के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के लिए यह बड़ा झटका है। लातूर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च (एमआईएमएसआर) की अध्यक्ष दीप्ति डोंगाओंकर ने रविवार को बताया कि दो सप्ताह पहले रोहित आर. शेल्के में पोलियो के लक्षण पाए गए थे और उसकी इस अस्पताल में मौत हो गई।
रोहित पिछड़े मराठवाड़ा इलाके के बीड जिले के धारूर प्रखंड स्थित खानपुर गांव से ताल्लुक रखता था।
स्वास्थ्य अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, बच्चे को चार मई को लकवा मार गया। इसके बाद उसे बीड के अम्बेजोगई स्थित एसआरटीआर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पोलियो की आशंका व्यक्त की गई।
महीने की शुरुआत में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के दल नेबीड पहुंच कर बच्चे का विभिन्न नमूना लिया था जिसके बाद उसकी जांच एमआईएमएसआर में कराई गई थी। जहां बच्चे में `पी 2` पोलियो विषाणु सक्रिय पाया गया था।
डोगाओंकर ने कहा, "यह टीके से उत्पन्न हुआ पोलियो विषाणु हो सकता है।"
अत्यधिक दुर्लभ मानी जा रही यह घटना उत्तर प्रदेश, बिहार के बाद तीन साल से अधिक समय बाद भारत में तीसरी तथा महाराष्ट्र में हुई पहली घटना है।
इसे गंभीरता से लेते हुए राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने मृतक बच्चे के गांव से तीन हजार से ज्यादा बच्चों के दस्त के नमूने लिए हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 23, 2013, 18:52