महाराष्ट्र: सड़क पर किसानों का संग्राम - Zee News हिंदी

महाराष्ट्र: सड़क पर किसानों का संग्राम

मुंबई: महाराष्ट्र में गन्ना किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। शुक्रवार को गन्ना किसानों के आंदोलन का पांचवां दिन है। महाराष्ट्र के सांगली के देवरे गांव में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे गन्ना किसानों पर लाठियां बरसाईं। बदले में गुस्साए आंदोलनकारी किसानों ने पुलिस पर पथराव भी किया। लाठीचार्ज में पांच किसान घायल हो गए हैं।

 

गुस्साए किसानों ने अहमदनगर-मनमाड़, कोल्हापुर-रत्नागिरी, बारामती-इंदापुर और उस्मानाबाद-औरंगाबाद मार्ग को ब्लॉक कर दिया है।

 

महाराष्ट्र में गन्ना किसान सड़कों पर उतर आये हैं और गन्ने के दाम में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। गुरुवार को सरकार और किसानों के बीच हुई बातचीत नाकाम हो गई है। लेकिन शुक्रवार को गन्ना किसानों के साथ पुणे में सरकार बातचीत कर रही हैं। सरकार कोशिश कर रही है कि उनका आंदोलन जल्द से जल्द खत्म हो।

 

किसानों की मांग है कि प्रति क्विंटल गन्ने का भाव 2,350 रुपए मिले, जबकि सरकार 1400 रुपए दे रही है।

 

लगभग सारी विरोधी पार्टियां किसानों के समर्थन में सड़क पर उतर आई हैं।  किसानों को मनाने के लिए महाराष्ट्र सरकार कुछ संगठनों से बातचीत करेगी।

 

पश्चिमी महाराष्ट्र के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। रास्ता निकलता न देख महाराष्ट्र सरकार ने कुछ मंत्रियों को किसानों से बातचीत करने की जिम्मेदारी दी है।

 

इधर किसानों ने धमकी दे दी है कि अगर सरकार ने कुछ नहीं किया तो उनका आंदोलन और तेज हो जाएगा। किसानों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे शेतकरी संगठन के मुखिया और किसान नेता राजू शेट्टी अनशन पर बैठे हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 11, 2011, 15:21

comments powered by Disqus