Last Updated: Sunday, August 5, 2012, 21:50
चंडीगढ़ : एक महिला की आत्महत्या के सिलसिले में हरियाणा के मंत्री गोपाल कांडा ने इस्तीफा दिया। गोपाल कांडा के खिलाफ दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उसे इस्तीफा देना पड़ा।
मुख्यमंत्री भूपिंदर हुड्डा ने आज कहा था कि वह इसके संबंध में पूरे ब्यौरे का पता लगायेंगे जबकि विपक्ष इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने मंत्री की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग करते हुए सरकार पर दबाव बढ़ा दिया।
कोलकाता में आज एक कार्यक्रम में हुड्डा ने कहा, मुझे इस बारे में पता चला है। मैं ब्योरे का पता लगा रहा हूं। मुझे तथ्यों की जांच करने दीजिए। सिरसा के निर्दलीय विधायक और गृह एवं युवा राज्य मंत्री कांडा से इस मामले में संपर्क नहीं किया जा सका है लेकिन उनके एक सहयेागी ने कहा कि वह आज शाम गुड़गांव में मीडिया को संबोधित करेंगे।
कांडा के खिलाफ मामला दर्ज होने के कुछ ही घंटे बाद इनेलोद के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने कांडा की गिरफ्तारी एवं सरकार से बर्खास्तगी की मांग की।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी हरियाणा की हुड्डा सरकार के एक मंत्री और मुख्य संसदीय सचिव करनाल जिल में एक पूर्व सरपंच की हत्या में संलिप्तता के आरोपों का सामना करना पड़ा ।
चौटाला ने कहा कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुड्डा सरकार ने सारी सीमाएं लांघ ली हैं और उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है कि यह ‘विवादास्पद मंत्री’ कानून का उल्लंघन करते पाया गया है।
इनेलो नेता ने कहा कि अगस्त, 2010 में उनकी पार्टी के सिरसा बंद के दौरान कांडा के अंगरक्षकों ने उनके कार्यकर्ताओं को कथित रूप से पीटा था। हालांकि कांडा ने इस आरोपों का तब खंडन किया था।
चौटाला ने यह भी आरोप लगाया कि कांडा के सहयोगियों के नाम एक लड़की से सामूहिक बलात्कार और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिक्रेटर पर हमला मामले में आए थे।
उन्होंने कहा, कोई यह केवल कल्पना ही कर सकता है कि जब उनके जैसे व्यक्ति के पास गृह विभाग की जिम्मेदारी होगी तब हरियाणा की जनता कितनी सुरक्षित होगी। अब बंद पड़ चुकी एमडीएलआर एयरलाइंस की 23 वर्षीय पूर्व महिला कर्मचारी गीतिका शर्मा ने दिल्ली के अशोक विहार में अपने निवास पर कल रात आत्महत्या कर ली। पुलिस ने एयरलाइंस के मालिक कांडा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया है। गीतिका ने अपने सुसाइड नोट में मंत्री पर मानसिक उत्पीड़न आरोप लगाया है।
कांडा की हुड्डा मंत्रिमंडल में बहुत ही मजबूत स्थिति है। उन्होंने और छह अन्य निर्दलीय विधायकों ने अक्तूबर, 2009 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सामान्य बहुमत भी नहीं मिलने पर उन्हें महत्वपूर्ण समर्थन दिया था।
बाद में हरियाणा जनहित कांग्रेस के पांच विधायक भी सत्तारूढ़ दल में शामिल हो गए और पार्टी ने एक उपचुनाव भी जीता है।
फिलहाल 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस के 46, इनेलो के 30, बसपा के एक, एसएडी के एक, भाजपा के चार, हरियाणा जनहित कांग्रेस के एक तथा सात निर्दलीय सदस्य हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, August 5, 2012, 21:50