Last Updated: Monday, June 24, 2013, 09:25

डिंडोरी (मध्य प्रदेश) : एक महिला ने यहां जिलाधिकारी कार्यालय के सामने एक स्थानीय भाजपा नेता की कथित तौर पर चप्पल से पिटाई कर दी। महिला भाजपा नेता के घर में किराएदार थी, उसे कुछ दिन पहले बलपूर्वक घर से निकाला गया जिससे नाराज होकर उसने नेता की पिटायी की।
पुलिस ने बताया कि महिला ने कल भाजपा नेता और डिंडोरी जिला पंचायत के उपाध्यक्ष कृष्ण परमार की पिटायी की। परमार ने भी महिला को अपने जूतों से मारा। पुलिस के अनुसार महिला परमार के घर में किरायेदार के तौर पर रह रही थी लेकिन कुछ दिन पहले उसे घर से जबरदस्ती निकाल दिया गया। शनिवार को महिला जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गयी जहां एक बैठक में शामिल होने के बाद परमार जब बाहर निकले तो मामले को लेकर दोनों में तेज बहस हुई।
सूत्रों के अनुसार परमार ने जब महिला के साथ बदसलूकी की तो महिला ने अपनी चप्पल निकाली और भाजपा नेता की पिटायी कर दी। बाद में नेता ने भी अपने जूतों से महिला को मारा। पुलिस ने परमार की शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गयी। (एजेंसी)
First Published: Monday, June 24, 2013, 09:25