महिलाएं सुरक्षित, पुलिस को दुरुस्त करने पर जोर - Zee News हिंदी

महिलाएं सुरक्षित, पुलिस को दुरुस्त करने पर जोर

नई दिल्ली : केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कृष्णा तीरथ ने दिल्ली में महिलाओं के साथ बलात्कार और छेड़छाड़ के बढ़ते मामलों के बावजूद शहर में महिलाओं के असुरिक्षत होने की बात को मानने से इनकार किया है, हालांकि उन्होंने पुलिस व्यवस्था को दुरुस्‍त करने की जरूरत पर जोर दिया।

 

कृष्णा ने आज बाल दिवस के मौके पर मंत्रालय की ओर से आयोजित राष्ट्रीय बाल पुरस्कार समारोह के अवसर पर संवाददाताओं से अलग से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘दिल्ली में बलात्कार के बढ़ते मामलों की खबरें आई हैं। इनके बारे में अखबारों में छपता है। हम उन कारणों के पता लगाने का प्रयास करेंगे, जिनसे ये घटनाएं हो रही हैं।’’

 

यह पूछे जाने पर कि महिलाओं के लिए दिल्ली असुरिक्षत हो गई है, कृष्णा ने कहा, ‘‘दिल्ली में महिलाएं असुरिक्षत नहीं है। सुरक्षा के पूरे इंतजाम हैं। मुझे लगता है कि कुछ स्थितियां अथवा कारण ऐसे हैं जिनसे यह घटनाएं हो रही हैं। इन वजहों का पता लगाने का प्रयास करेंगे। जागरुकता फैलाने की आश्यकता है। मैं चाहती हूं कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले बिल्कुल शून्य हो जाएं।’’

 

कृष्णा ने दिल्ली में कानून-व्यवस्था के सवाल पर भी कोई सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, ‘‘कानून-व्यवस्था का सवाल नहीं है। समाज में हम लोगों को जागरुकता फैलानी होगी। इस बारे में हम सभी संबधित लोगों से बात करेंगे।’’  (एजेंसी)

First Published: Monday, November 14, 2011, 17:31

comments powered by Disqus