मांडू से झामुमो प्रत्याशी जीते - Zee News हिंदी

मांडू से झामुमो प्रत्याशी जीते

रांची : झारखंड के हजारीबाग जिले में मांडू विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में सत्ताधारी गठबंधन के झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी जयप्रकाश भाई पटेल ने 23768 मतों के भारी अंतर सेअपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के महेश सिंह को पराजित कर यह सीट अपनी पार्टी के लिए बरकरार रखी है।

 

जिला निर्वाचन अधिकारी मनीश रंजन ने बताया कि मांडू विधानसभा सीट के लिए 30 नवंबर को हुए चुनावों की मतगणना में झारखंड मुक्ति मोर्चा के जयप्रकाश भाई पटेल को कुल 52404 मत प्राप्त हुए और उन्होंने कांग्रेस के महेश सिंह को 23768 मतों से पराजित किया।

 

महेश सिंह को कुल 28636 मत प्राप्त हुए जबकि इस सीट पर झारखंड विकास मोर्चा के प्रत्याशी मनीश जायसवाल को 23433 मत प्राप्त हुए ओैर वह तीसरे स्थान पर रहे। मांडू सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य  में अपने गठबंधन सहयोगी झामुमो को समर्थन दिया था। राज्य की दूसरी गठबंधन सहयोगी आजसू ने भी इस सीट पर झामुमो का समर्थन किया था।

 

इससे पूर्व उपचुनाव में तीस नवंबर को मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ था ओैर इसमें 61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का उपयोग किया था। झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक टेकलाल महतो के असामयिक निधन के चलते इस सीट पर उपचुनाव कराए गए। इस सीट पर टेकलाल महतो के पुत्र झामुमो के जयप्रकाश भाई पटेल झाविमो के मनीश जायसवाल कांग्रेस के महेश सिंह और जद यू के प्रदेश अध्यक्ष खीरु महतो के बीच मुकाबला था।

 

जहां झाविमो के विधायक दल नेता प्रदीप यादव ने इसे विपक्षी वोटों में बिखराव से सत्ताधारी पार्टी की जीत बताया है वहीं झामुमो नेता शिबू सोरेन ने कहा है कि मांडू में झामुमो की जीत पहले से ही तय थी। दूसरी और भाजपा ने मांडू में अपने सहयोगी झामुमो की जीत को राज्य सरकार के काम काज पर जनता का सकारात्मक जनादेश बताया है।  (एजेंसी)

First Published: Sunday, December 4, 2011, 17:52

comments powered by Disqus