Last Updated: Friday, January 13, 2012, 10:40
चंडीगढ़/जयपुर पंजाब और हरियाणा में लोगों को शीतलहर से राहत नहीं मिली और कई जगहों पर तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। वहीं राजस्थान में कडाके की सर्दी का सिलसिला जारी है। प्रदेश के माउंट आबू में पारा जमाव बिन्दू से नीचे एक डिग्री दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के सूत्रों ने बताया कि पंजाब में जालंधर सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अमृतसर और नारनौल में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम यानी 1.5 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री, लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 3.9 डिग्री और पांच डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।
हरियाणा के अंबाला, करनाल और रोहतक में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.9 डिग्री, तीन डिग्री और 4.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। हिसार में पारा सामान्य से चार डिग्री नीचे दो डिग्री पर दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दोनों राज्यों में अगले एक दो दिन आसमान साफ रहेगा लेकिन ठंड से राहत नहीं मिलेगी।
उधर, राजस्थान में कडाके की सर्दी का सिलसिला जारी है। शीत लहर की चपेट में होने से सामान्य जन जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रखा है। प्रदेश के माउंट आबू में पारा जमाव बिन्दू से नीचे एक डिग्री दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग प्रवक्ता के अनुसार पिलानी 2.4 डिग्री, चितौडगढ और वनस्थली 2.6, डबोक 3.5, सीकर 3.7, जयपुर 4.4, जोधपुर 5.4 डिग्री दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि शेष राज्य में पारा छह से नौ डिग्री के बीच दर्ज किया गया। प्रवक्ता के अनुसार आगामी चौबीस घंटों के दौरान तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। (एजेंसी)
First Published: Friday, January 13, 2012, 16:25