Last Updated: Monday, November 28, 2011, 16:21
कोलकाता : पश्चिमी मिदनापुर जिले में चार दिन पहले मुठभेड़ में शीर्ष माओवादी नेता किशनजी के मारे जाने के बाद पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से नियुक्त वार्ताकारों ने खुद को वार्ता से हटा लिया।
वार्ताकारों ने ममता बनर्जी को सूचित किया, जंगलमहल की वर्तमान स्थिति हमें शांति वार्ता को आगे बढ़ाने की इजाजत नहीं देती, इसलिए हम मुख्यमंत्री को अपनी असमर्थता और बेबसी से अवगत करा रहे हैं ।यह पूछने पर कि क्या वे अपने निर्णय पर पुनर्विचार करेंगी तो वार्ताकार दल की प्रमुख सुजातो भद्र ने कहा, जंगलमहल में हर चीज अनिश्चित है। स्थिति और खराब हो सकती है। शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाना संभव नहीं है। समझा जाता है कि एक वार्ताकार ने अलग विचार रखा और वार्ता को जारी रखने का सुझाव दिया।
माओवादियों के साथ दो दौर की वार्ता करने वाले वार्ताकारों ने जंगलमहल में संयुक्त सुरक्षा बल अभियान में तेजी लाए जाने के बाद अपने प्रयास को धीमा करने का निर्णय किया था। बहरहाल मुख्यमंत्री ने हाल में उन्हें फोन किया और उनसे शांति प्रक्रिया को जारी रखने को कहा।
(एजेंसी)
First Published: Monday, November 28, 2011, 21:51