Last Updated: Sunday, March 31, 2013, 20:59

रायपुर : भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद सांसद सरोज पांडे ने खुशी जताते हुए कहा कि उनका और पार्टी का लक्ष्य मिशन 2014 है। उन्होंने कहा कि हाईकमान ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उस काम को वह पूरी ईमानदारी के साथ निभाने की कोशिश करेंगी।
सरोज ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, `मुख्यमंत्री रमन सिंह ने देश व प्रदेश में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। निश्चित रूप से आगामी विधानसभा चुनाव में हम भाजपा सरकार की उपलब्धियों के साथ तीसरी बार जनता के पास जाएंगे। पार्टी इस चुनाव में हैट्रिक लगाएगी।` उन्होंने कहा कि विधानसभा व लोकसभा चुनाव में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इसके लिए मोर्चा अभी से तैयारी में जुट गया है।
सरोज ने महिलाओं की स्थिति और देश में हो रहे महिला उत्पीड़न पर चिंता प्रकट करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आधी आबादी के प्रति संप्रग सरकार चिंतित नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी क्या मजबूरी है कि केंद्र सरकार के पास पर्याप्त संख्या बल होते हुए भी महिला आरक्षण विधेयक को पारित नहीं करा पा रही है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 31, 2013, 20:59