मुंबई में गैंगरेप की शिकार बालिका ने दम तोड़ा

मुंबई में गैंगरेप की शिकार बालिका ने दम तोड़ा

ज़ी मीडिया ब्यूरो
मुंबई : नवी मुंबई में गैंगरेप की शिकार 10 साल की एक बालिका की मौत हो गई। चार नाबालिगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। सभी आरोपी नाबालिगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इनकी उम्र करीब 14 साल है। गैंगरेप की शिकार बालिका की मंगलवार शाम अस्पताल में मौत हो गई।

पीड़िता को पिछले सप्ताह गुरुवार को उसकी हालत बिगड़ने पर नवी मुंबई स्थित वाशी के म्युनिसिपल कॉरपोरेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे तेज बुखार था। अस्पताल लाए जाने पर डॉक्टरों को पता चला कि उसके साथ रेप किया गया है। बाद में पीड़िता की एक सहेली ने पुष्टि की कि उसे तीन लड़कों ने फुसलाया था तथा इस महीने के शुरू में उसके साथ दुष्कर्म किया था। उसने बताया कि एक और लड़के ने भी उसके साथ एक माह पहले दुष्कर्म किया था।

हालत ज्यादा गंभीर होने पर उसे वाशी से नेरूल के डीवाई पाटिल अस्पताल में शिफ्ट किया गया। मंगलवार देर शाम करीब 8.30 बजे डॉक्टरों ने पीड़ित बालिका को मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

First Published: Wednesday, June 26, 2013, 11:55

comments powered by Disqus