Last Updated: Friday, March 16, 2012, 14:25
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के हालिया विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आयी समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को इस चुनावी जीत में अहम योगदान के लिये मुसलमानों का शुक्रिया अदा करते हुए उन्हें आरक्षण तथा अन्य राहत देने का वादा दोहराया।
यादव ने सपा राज्य मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, सपा को इस बार चुनाव में मुसलमानों का जितना समर्थन मिला है उतना पहले कभी नहीं मिला था। हम उनके आभारी हैं। सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को उनका उचित सम्मान करना चाहिये। उन्होंने कहा, मुस्लिम परिवारों की आर्थिक, सामाजिक तथा शैक्षणिक स्थिति अच्छी नहीं है। सपा सरकार उन्हें पूरा सम्मान देते हुए उनकी बेहतरी के लिये काम करेगी और उन्हें आरक्षण के साथ अन्य राहतें भी देगी। सपा प्रमुख ने दोहराया कि पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र में अल्पसंख्यकों खासकर मुसलमानों के कल्याण के लिये जो वादे किये गये हैं उन्हें अवश्य पूरा किया जाएगा।
उन्होंने चुनाव में जनता के सपा के प्रति जबर्दस्त समर्थन को अप्रत्याशित बताते हुए कहा, मतदाताओं ने बसपा कुशासन के खिलाफ हमारे संघर्ष को प्रबल समर्थन दिया। सपा के वादों पर जनता को भरोसा है क्योंकि हमारी कथनी और करनी में कभी अंतर नहीं रहा है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा अब क्षेत्रीय दल नहीं बल्कि राष्ट्रीय दल हो चुका है।
उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश तो उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और गोवा जैसे सूबों से बड़ा राज्य है तो यहां सत्तारूढ़ सपा को क्षेत्रीय दल कैसे कहा जा सकता है। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 16, 2012, 20:11