Last Updated: Saturday, November 24, 2012, 11:54
मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के अब्दुल्लापुर गांव में शिया-सुन्नी के बीच हुई हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हिंसक झड़प के दौरान उपद्रवकारियों ने गांव की एक मस्जिद और कुछ घरों में घुसकर तोड़फोड़ भी की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के. सत्यनारायण ने बताया कि ताशे बजाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ है। फिलहाल स्थिति शांतपूर्ण है। पुलिस घटना में शामिल दोषी लोगों की शिनाख्त और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस अधीक्षक (देहात) आर पी पांडेय ने कहा कि घटना के संबंध में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
उधर, घटना वाले गांव के सूत्रों मिली जानकारी के अनुसार गांव के बड़ा बाजार निवासी आबिद अब्बास के घर पर मोहर्रम के चलते मजलिस थी। जुलूस निकालने के बाद शिया पक्ष के कुछ लोग गलियों से ताशे और ढोल निकाल रहे थे। इसी दौरान सुन्नी पक्ष के कुछ लोगों ने अपने घर के बाहर ढोल-ताशे बंद करने को कहा, जिस पर दोनों ही पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया।
इसके बाद थोड़ी ही देर में विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। पुलिस घटना में आधा दर्जन लोगों के घायल होने की बात कह रही है, जबकि गैर सरकारी सूत्र झड़प में दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की आशंका जतायी है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, November 24, 2012, 11:54