Last Updated: Thursday, March 28, 2013, 19:03
गुड़गांव: हरियाणा के मेवात जिले में गुरुवार को एक बिजली ट्रांसमिशन टावर गिर गया, जिससे पांच मजदूरों की मौत हो गई। ये मजदूर मूलत: पश्चिम बंगाल के निवासी थे। इस घटना में अन्य 11 लोग घायल हो गए।
बिजली का टावर गुड़गांव से लगभग 80 किलोमीटर दूर पुन्हाना के निकट सिकरावा गांव में गिरा। तीन मजदूर टावर के नीचे दब गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अन्य घायलों को नूंह के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परियोजना प्रबंधक और परियोजना स्थल पर तनात इंजीनियरों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 एवं 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
दो टावर स्थापित करने में लगभग 125 मजदूरों को लगाया गया था। इनमें से एक टावर गिर गया। जो टावर गिरा है, वह गुड़गांव से आगरा को बिजली पहुंचाने के लिए स्थापित किया गया था।
पुन्हाना थाना के प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि इस हादसे में मरने वालों की पहचान मुनिलाल (20), मुख्तारुल (22), इसराइल मोमिन (23), रितू शेख (22) और सबीरुल शेख के रूप में हुई है। ये सभी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले थे। (एजेंसी)
First Published: Thursday, March 28, 2013, 19:03