Last Updated: Saturday, March 3, 2012, 04:24
ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी मुंबई: मुश्किलों में घिरे मुंबई कांग्रेस के नेता कृपाशंकर सिंह ने कहा है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है और वह कानून के अनुसार लड़ाई लड़ेंगे। सिंह आय से अधिक संपत्ति जमा करने के आरोपों का सामना कर रहे हैं।
मीडिया पर उन्हें और उनके परिवार को अनुचित तरीके से निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वह फरार नहीं हो रहे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि वह फरार होने वाले हैं।
सिंह ने कहा, ‘मैं दोषी नहीं हूं। मैं फरार नहीं हो रहा हूं। मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है।’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं कानून के अनुसार लड़ाई लड़ूंगा।’
अपने पुत्र नरेंद्र मोहन द्वारा मीडिया की ओर शुक्रवार को अश्लील इशारा करने पर उन्होंने कहा, ‘मेरे बेटे ने जो किया वह गलत था और मैं उसकी तरफ से माफी मांगता हूं।’
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री ने कहा, ‘हालांकि, मीडिया का मेरे और मेरे परिवार को निशाना बनाना भी गलत है।’ मुंबई के सांता क्रूज इलाके से विधायक सिंह ने कहा, ‘जैसा दिखाया जा रहा है, मेरे पास उतनी संपत्ति नहीं है।’
मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने शुक्रवार को सिंह और उनके परिवार की महानगर स्थित 12 संपत्तियों को कुर्क किया था। यह कदम उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने को लेकर प्राथमिकी दर्ज किए जाने के तीन दिन बाद उठाया गया। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘इन आरोपों ने मेरे राजनैतिक कैरियर को तबाह कर दिया है।’’
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उन्हें भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई से तत्काल कोई राहत देने से इंकार कर दिया था।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, March 3, 2012, 23:52