मोदी समर्थक गिरिराज ने आरएसएस से मदद मांगी

मोदी समर्थक गिरिराज ने आरएसएस से मदद मांगी

पटना : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में प्रदेश भाजपा की ओर से आवाज बुलंद करने वाले नीतीश सरकार में पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री गिरिराज सिंह ने अकेले पड़ने के बाद अब राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की शरण ली है।

प्रधानमंत्री पद के लिए धर्मनिरपेक्ष उम्मीदवार की चर्चा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा छेड़े जाने के बाद इसे नरेंद्र मोदी के खिलाफ किए गए वार मानकर गिरिराज ने लगातार भाजपा की ओर से अभियान छेड़ रखा है।

गिरिराज ने भाजपा में अकेले पड़ने के बाद शुक्रवार रात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पटना कार्यालय जाकर क्षेत्रीय प्रचारक स्वतंत्र कुमार और प्रांत प्रचारक अनिल ठाकुर से मुलाकात की।

संघ सूत्रों ने बताया कि सेकुलर उम्मीदवार की चर्चा के बाद भाजपा और जदयू के बीच चल रहे वाकयुद्ध के बाद राजनीतिक हालात के बारे में गिरिराज ने आरएसएस को जानकारी दी और समर्थन की मांग की।

इस संबंध में पूछे जाने के बाद गिरिराज सिंह ने आरएसएस के नेताओं से मुलाकात की और पुष्टि करते हुए बताया कि यह बातचीत करीब दो घंटे तक चली।

पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री के करीबी सूत्रों ने बताया कि आरएसएस नेतृत्व ने समर्थन का भरोसा दिया है और प्रदेश नेतृत्व के वरिष्ठ नेताओं की बैठक शनिवार शाम बुलाई है, जिसमें राज्य में राजनीतिक हालात पर चर्चा होगी। (एजेंसी)

First Published: Saturday, June 23, 2012, 16:15

comments powered by Disqus