यमुना में आ रहा 35 करोड़ लीटर गंदा पानी

यमुना में आ रहा 35 करोड़ लीटर गंदा पानी

यमुना में आ रहा 35 करोड़ लीटर गंदा पानीलखनऊ: यमुनोत्री से अमृत धारा के रूप में बहने वाली यमुना ब्रज में पहुंचते-पहुंचते विषधारा में तब्दील हो रही है। इसमें देश का सिरमौर राजधानी दिल्ली की अहम भूमिका है। अकेले दिल्ली ही 17 विशाल नालों के माध्यम से यमुना में प्रतिदिन 35 करोड़ लीटर गंदा पानी उड़ेल रही है।

कालिंदी की दुर्गति में इसे मां के रूप में पूजने वाला ब्रज भी भागीदार है। मथुरा और वृंदावन में भी दो दर्जन छोटे, बड़े नाले इसमें गिराए जा रहे हैं। हथिनी कुंड से कान्हा की नगरी तक 350 किलोमीटर का सफर तय करने वाली पतित पावनी यमुना करीब एक सैकड़ा विशालकाय नालों का दंश झेल रही है।

आंकड़े बताते हैं कि यमुना किनारे बसी देश की राजधानी दिल्ली से निकलने वाले 182 नालों का पानी 17 नालों में समाहित होकर यमुना में गिर रहा है। इसके बाद शाहदरा, हिंडन, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल, होडल और कोसी के नाले भी इसी तरह सीधे यमुना में समाहित हो रहे हैं।

बाकी कसर यमुना को गंदा करने में खुद भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और क्रीड़ा स्थली ने पूरी कर दी है। यहां दो दर्जन से ज्यादा छोटे-बड़े नाले सीधे यमुना में गिर रहे हैं। इसमें आधा दर्जन नाले वृंदावन और 19 नाले मथुरा के हैं। इसमें वृंदावन के चीरघाट, केसीघाट और तटीय स्थान पर चार बड़े नाले सीधे यमुना में गिर रहे हैं।

मथुरा शहरी क्षेत्र में यमुना का प्रत्येक घाट इस गंदगी का गवाह है। सबसे भयावह स्थिति मसानी नाले की है। शहर का करीब 48 फीसदी गंदा पानी एकत्रित करने वाला यह नाला इन दिनों सीधे यमुना में गिर रहा है। औद्योगिक क्षेत्र से गुजरने के कारण इसमें जहरीले रसायनों की भी भरमार है। इस नाले पर एसपीएस (सीवेज पंपिंग स्टेशन) भी लगा है लेकिन ये अक्सर बंद ही रहता है।

खास बात है कि यमुना कार्य योजना के तहत संचालित हो रहे एसटीपी और एसपीएस के संचालन के लिए मथुरा और वृंदावन नगर पालिकाएं करीब सवा करोड़ रुपया वार्षिक खर्च कर रही हैं। इसका मकसद यमुना में नालों के पानी को जाने से रोकना है लेकिन ये संपूर्ण प्रयास योजना की धनराशि के बंदरबांट तक सिमट कर रह गया है, जिस कारण हालात सुधरने के बजाय और ज्यादा गंभीर हो गए हैं और जीवनदायनी कही जाने वाली यमुना गंदे नाले में तब्दील होती जा रही है। (एजेंसी)

First Published: Friday, February 15, 2013, 08:47

comments powered by Disqus