....यह सिलेबस के बाहर का प्रश्न है

....यह सिलेबस के बाहर का प्रश्न है

पटना : होली को भले ही कुछ दिन अभी शेष है लेकिन बिहार विधानमंडल के उच्च सदन में बजट सत्र के दौरान कार्यवाही में फगुवा के रंग हास्य विनोद के रूप में दिखने लगे हैं। विधान परिषद में गंभीर माहौल के बीच आज हास्य विनोद के रंग देखने को मिले जिसमें सभापति अवधेश नारायण सिंह सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने भी भाग लिया। परिषद में राजद सदस्य नवल किशोर यादव ने कृषि विभाग से संबंधित एक प्रश्न पूछा था।

प्रभारी मंत्री रामाधार सिंह के प्रश्नों के जवाब से असंतुष्ट यादव ने कहा , ‘‘ हम सरकार को तिलंगी (पतंग) उडाकर सरकार को निकलने नहीं देंगे। सरकार गंभीर प्रश्न के जवाब दे।’’ पूरक प्रश्नों के माध्यम से जब राजद के सदस्यों ने सरकार को घेरने का प्रयास किया तो सभापति अवधेश नारायण सिंह ने विनोद भाव से कहा , ‘‘ यह सिलेबस से बाहर का प्रश्न पूछ रहे हंै।’’ सिंह का कहने का तात्पर्य था कि यह अल्पसूचित प्रश्न से संबद्ध पूरक प्रश्न नहीं है। संबद्ध प्रश्न ही पूछे जाए।

पशुओं के बीमा से संबंधित एक अन्य अल्पसूचित प्रश्न के जवाब में जब पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा , ‘‘ निजी बीमा कंपनियों पर हमारा नियंत्रण नहीं है। हम भैंस की सींग पर नहीं बैठते हैं।’’ राजद सदस्य ने कहा , ‘‘ प्रश्न का उत्तर नहीं दे सकते हैं तो आप भैंस की पूंछ कबाड़ने (उखाडने) का काम करते हैं। ’’ इस दौरान सदन में लोग ठहाके लगाकर हंसने लगे। (एजेंसी)

First Published: Monday, March 18, 2013, 20:08

comments powered by Disqus