Last Updated: Friday, July 12, 2013, 16:14
ज़ी मीडिया ब्यूरो/एजेंसी इटावा : उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में शादी के लिए दबाव डालने के मकसद से अपने प्रेमी के घर गई एक लड़की को कथित रूप से सामूहिक बलात्कार के बाद जिंदा जला दिया गया। इस जघन्य वारदात के बाद पीडि़त युवती की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। इस घटना से साफ है कि यूपी में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाओं को रोकने में पुलिस नाकाम है।
गौर हो कि यह शर्मनाक घटना जिस क्षेत्र (इटावा) में हुई, वहां से समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव लोकसभा सांसद निर्वाचित हुए हैं। इस घटना को लेकर लोगों के बीच आक्रोश फैल गया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि इकदिल थाना क्षेत्र के एक गांव की 20 वर्षीय एक लड़की का फरमान नाम के युवक से पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग था। पिछले दिनों दोनों के परिजनों ने शादी के लिए बात भी की थी लेकिन फरमान ने विवाह से इनकार कर दिया था। उन्होंने बताया कि लड़की फरमान से ही शादी करने की जिद कर रही थी। विवाह के लिए दबाव बनाने के वास्ते वह गुरुवार शाम फरमान के घर गई थी। थोड़ी देर बाद वह आग की लपटों से घिरी हालत में वहां से बाहर आई।
उसके परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन गंभीर हालत के मद्देनजर उसे सैफई रेफर कर दिया गया। बाद में पीडि़ता ने दम तोड़ दिया।
लड़की के भाई ने दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया है कि फरमान और उसके साथियों महमूद, पप्पू, साबरा, शद्दो तथा शकील ने उसकी बहन से सामूहिक दुराचार किया तथा शिकायत करने की बात कहने पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। हालांकि कुछ ग्रामीणों का कहना है कि लड़की ने फरमान पर शादी के लिए दबाव बनाने की कोशिश में खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की और उसे रोकने के लिए हुई छीनाझपटी में आग लग गई। वारदात के बाद फरमान और उसके परिजन घर पर ताला लगाकर भाग गए। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
सूत्रों के मुताबिक कुछ लोगों ने फरमान के घर में आग लगाने की कोशिश की, लेकिन बुजुर्गो ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया।
First Published: Friday, July 12, 2013, 12:12