Last Updated: Saturday, December 10, 2011, 14:54
लखनऊ : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद राहुल गांधी ने कहा कि प्रदेश के कार्यकर्ता क्षमतावान और ऊर्जावान हैं और अगर 2012 के विधानसभा चुनाव में पार्टी पूरे दमखम से जुट जाए तो उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता।
दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को राजधानी लखनऊ पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में राहुल गांधी ने कांग्रेस के सदस्यों एवं जिला व शहर अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने की भरपूर क्षमता है, जरूरत सिर्फ इस बात की है कि कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से आने वाले विधानसभा चुनाव में जुट जाएं।
उन्होंने कहा कि 1991 से 2009 तक कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में पूरे मनोयोग से चुनाव नहीं लड़ा इसलिए लगभग दो दशकों तक गैर कांग्रेसी सरकारें सत्ता पर काबिज रहीं। उन्होंने कहा कि सही मायने में कांग्रेस पार्टी 2012 में चुनाव लड़ने जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में प्रदेश की सत्ता पर सपा, बसपा और भाजपा की गैर
कांग्रेसी सरकारें काबिज रहीं। इनके कार्यकाल में उत्तर प्रदेश बुरी तरह पिछड़ गया। राहुल ने कहा कि गैर कांग्रेसी सरकारों से प्रदेश की जनता बुरी तरह ऊब चुकी है और अब प्रदेश में बदलाव का माहौल भी तैयार है। लोग भी चाहते हैं कि कांग्रेस की सरकार सत्ता में आए।
उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मुद्दों की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ पूरी ताकत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जुट जाने की है। महंगाई के मुद्दे पर बैठक में पूछे गए एक सवाल के जबाव में कांग्रेस महासचिव ने कहा कि क्या उत्तर प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी नहीं है कि महंगाई कम करे, साथ ही जोड़ा कि महंगाई कम करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व वाली केंद्र सरकार एफडीआई लाई तो प्रदेश की सत्ता पर काबिज बसपा सरकार ने इसका पुरजोर विरोध किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश और प्रदेश की जनता से जो भी चुनावी वायदे किए थे, उन्हें पूरा किया गया है।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, December 11, 2011, 00:07