Last Updated: Wednesday, June 5, 2013, 16:35

इलाहाबाद: उत्तर प्रदेश में सत्ताधारी समाजवादी पार्टी ने प्रतिद्वंद्वी बहुजन समाज पार्टी को 26 हजार से भी ज्यादा वोटों से हराकर हांडिया विधानसभा की सीट अपने पास बनाए रखी।
दो जून को उपचुनावों के मतदान में सपा के प्रशांत कुमार सिंह को 81,665 वोट मिले जबकि बसपा के पंकज त्रिपाठी को 54,838 वोट मिले। महत्वपूर्ण बात यह है कि 26 वर्षीय सिंह उन महेश नारायण सिंह के ही पुत्र हैं, जिनका फरवरी में निधन हो जाने के कारण उप चुनाव कराने पड़े।
दूसरी ओर त्रिपाठी मायावती सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे राकेश धर त्रिपाठी के भतीजे हैं। वे विभिन्न पार्टियों के टिकट पर कई बार हांडिया का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
पिछले विधान सभा चुनावों में बसपा तीसरे स्थान पर रही थी। उस समय पार्टी से अलग हो चुके त्रिपाठी ने प्रगतिशील मानव समाज पार्टी की ओर से चुनाव लड़ा था। इन चुनावों में वे महेश नारायण सिंह से 45 हजार वोटों के भारी अंतर से हार गए थे। हालांकि उन्होंने लोकसभा का टिकट देने का वादा करने वाली मायावती से अपने संबंध ठीक कर लिए थे।
इसी बीच, कांग्रेस और भाजपा दोनों ने विधानसभा क्षेत्र में अपना निराशाजनक प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने क्रमश: 3,809 और 2,550 वोट ही हासिल किए थे।
पिछले साल हुए विधानसभा चुनावों में हांडिया में दोनों राष्ट्रीय दलों के कुल वोटों की संख्या पांच प्रतिशत से भी कम थी। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, June 5, 2013, 16:35