Last Updated: Monday, December 24, 2012, 13:18
लखनऊ : राजधानी लखनऊ में सोमवार को कथित रूप से अवसाद से ग्रसित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के शाखा प्रबंधक ने पत्नी, बेटे और बेटी को गोली मारने के बाद खुद को गोली मार ली। पत्नी की मौत हो गई जबकि अन्य तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना राजधानी के विकासनगर थाना क्षेत्र की है, जहां आज सुबह सुरेन्द्र सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पहले अपनी पत्नी, बेटी और बेटे को गोली मारी और बाद में खुद को गोली मार ली। सिंह शहर की कपूरथला स्थित पीएनबी शाखा में प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। विकासनगर थाना प्रभारी अशोक कुमार यादव ने संवाददाताओं को बताया कि घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने सभी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया जहां पत्नी अपर्णा की मौत हो गई। गम्भीर रूप से घायल सिंह और उनके बेटी, बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है।
यादव ने कहा कि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि सिंह ने आखिर इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। प्रारम्भिक जांच में पता चला है कि सिंह काफी समय से अवसाद से ग्रसित थे। हो सकता है कि इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया हो। मामले में जांच की रही है। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 24, 2012, 13:18