Last Updated: Thursday, July 5, 2012, 12:31
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह झमाझम बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के भीतर और बारिश होने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि राजधानी लखनऊ सहित कई इलाकों में गुरुवार सुबह अच्छी बारिश हुई। बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि बारिश की वजह से तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कमी आने की सम्भावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।
राजधानी लखनऊ के अलावा वाराणसी का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, कानुपर 39.1 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)
First Published: Thursday, July 5, 2012, 12:31