Last Updated: Friday, November 2, 2012, 12:31
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और अन्य शहरों में तापमान गिरने से रातें सर्द हो गई हैं। गुरुवार रात राजधानी में पिछले तीन वर्षो का इस समय का सबसे कम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नवम्बर के आते ही राजधानी में सर्दी का आगाज हो गया है।
पहली नवंबर को न्यूनतम तापमान लुढ़कर 11.4 डिग्री सेल्सियस चला गया, जबकि अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम था। मौसम विज्ञानियों के अनुसार फिलहाल ठंड के इसी गति से बढ़ते रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में अचानक गिरते तापमान ने सूबे में नवम्बर के पहले ही दिन को सबसे सर्द दिन बना दिया। राजधानी के अलावा मुजफ्फरपुर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रह, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। उप्र मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारी जेपी गुप्ता ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद चली हवाओं ने मैदानी इलाकों को सर्द बना दिया है।
गुप्ता के मुताबिक रविवार और सोमवार तक राजधानी सहित प्रदेश के सभी बड़े इलाकों में नीलम तूफान के चलते बादल छा सकते हैं। कुछ इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी होने की भी सम्भावना है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2011 में एक नवम्बर को न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस, वर्ष 2010 में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस तथा वर्ष 2009 में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, November 2, 2012, 12:31