Last Updated: Monday, January 7, 2013, 10:17
लखनऊ : महिलाओं के विरुद्ध अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद जिले में रविवार को एक किशोरी के साथ कथित रूप से दुष्कर्म के बाद अपराधियों ने उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। करीब 90 फीसदी झुलसी लड़की का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह मामला शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के जिंगना गांव का है, जहां 15 वर्षीया किशोरी के साथ उसी के घर में गांव के ही दबंग ज्ञान सिंह नामकयुवक ने कथित रूप से दुष्कर्म किया और फिर दो लोगों की मदद से उस पर मिट्टी का तेल छिड़कर उसके बदन में आग लगा दी। घटना के वक्त लड़की घर में अकेली थी। स्थानीय थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्य आरोपी ज्ञान सिंह व दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि लड़की को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मामले की जांच की जा रही है। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 7, 2013, 10:17