Last Updated: Friday, August 9, 2013, 20:39

लखनऊ : राजधानी लखनऊ में एक लड़की को उसके सहपाठी ने बंधक बनाकर एक साथी के संग कई दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपी लड़के को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
दिलचस्प बात यह कि आरोपी की बहन भी इस अपराध में शामिल थी। उसे आरोपियों को मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। राजधानी से सटे सीतापुर जिले के महमूदाबाद इलाके की लड़की हर रोज लखनऊ मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग पढ़ने आती थी। रविवार को कोचिंग के बाद जब रात तक घर नहीं लौटी तो घरवालों ने महमूदाबाद कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
लापता लड़की बुधवार शाम को लखनऊ के वजीरगंज इलाके में बेसुध हालत में मिली। उसे डफरिन अस्पताल में भर्ती कराकर परिजनों को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने पूरे मामले को दबाए रखा। पीड़ित लड़की ने पुलिस को बताया कि उसके सहपाठी राहुल अपने हमनाम (राहुल) साथी के साथ उसे बंधक बनाकर राजधानी के जानकीपुरम इलाके स्थित एक मकान में ले गया, जहां उसकी बहन रिंकी रहती थी। वहां उसने तीन दिन तक अपने साथी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। लखनऊ पुलिस ने पूरे मामले में ढुलमुल रवैया अपनाए रखा। आज जब परिजन मीडिया के सामने आए तो पुलिस सक्रिय हुई और कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारियां कीं।
लखनऊ पुलिस के प्रवक्ता आलोक पाठक ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्य आरोपी राहुल को सीतापुर से जबकि उसकी बहन रिंकी को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। राहुल का साथी जो आजमगढ़ का रहने वाला है, वह फिलहाल फरार है। उसकी तलाश जारी है। पाठक ने बताया कि पीड़ित लड़की का डफरिन अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 9, 2013, 20:39