Last Updated: Friday, February 24, 2012, 04:01

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी बैंगलुरू: बी एस येदियुरप्पा के खुद को कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनाये जाने के प्रयासों को शुक्रवार को उस समय करारा झटका लगा जब भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने राज्य में मौजूदा मुख्यमंत्री डी वी सदानंद गौड़ा को बदलने की संभावना से इंकार कर दिया। हालांकि गडकरी ने खिन्न चल रहे येदियुरप्पा को यह कहकर संतुष्ट करने का प्रयास किया कि पार्टी उनका सम्मान करती है।
गडकरी ने कहा, ‘सदानंद गौडा फिलहाल सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। नेतृत्व में बदलाव का सवाल ही नहीं उठता।’ भाजपा प्रमुख यहां पार्टी विधायकों की चिंतन मंथन बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। राजनीतिक दरार के कारण इस बैठक को घटाकर एक दिन कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘पहली बात तो कर्नाटक में कोई राजनीतिक संकट नहीं है। पार्टी एकजुट है। पार्टी कर्नाटक की प्रगति और विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।’ येदियुरप्पा ने अपने शक्ति प्रदर्शन के तहत गुरुवार को विधायकों, विधान पाषर्दों और सांसदों के लिए दोपहर भोज का आयोजन किया था। येदियुरप्पा चाहते हैं कि उन्हें मुख्यमंत्री या राज्य पार्टी का अध्यक्ष बनाया जाये। इस तरह की मांग गडकरी के साथ हुई बैठक में उठायी गयी।
गडकरी ने स्वीकार किया कि कुछ मामूली समस्याएं हैं। उन्होंने कहा, ‘कर्नाटक कोर ग्रुप को संभवत: तीन मार्च को दिल्ली आमंत्रित किया गया ताकि समाधान निकाला जा सके। हम उनका समाधान निकाल लेंगे।’
First Published: Saturday, February 25, 2012, 14:20