येदियुरप्पा ने हाईकोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की - Zee News हिंदी

येदियुरप्पा ने हाईकोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की



जी न्यूज ब्यूरो

 

बंगलुरु: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने सोमवार को कर्नाटक हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल कर दी है। फिलहाल येदियुरप्पा अस्पताल में भर्ती हैं। येदियुरप्पा की जमानत पर सुनवाई मंगलवार को यानी 18 अक्टूबर को होगी।

 

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा को सीने में दर्द की शिकायत के बाद रविवार सुबह 1 बजकर 40 मिनट पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

 

शनिवार को कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने लोकायुक्त की अदालत में सरेंडर कर दिया और इसके बाद उन्हें एक हफ्ते के लिए जेल भेजा गया था। कोर्ट ने उन्हें 22 अक्टूबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

 

सरकारी जमीन को गैर-अधिसूचित करने में अनियमितता के मामले में शनिवार को लोकायुक्त अदालत ने येदियुरप्पा की जमानत अर्जी खारिज करते हुए गिरफ्तारी वॉरंट जारी किया था।

 

अवैध खनन घोटाले में लोकायुक्त की तरफ से दोषी करार दिए जाने के बाद 31 जुलाई को उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। येदयुरप्पा जेल जाने वाले कर्नाटक के पहले पूर्व मुख्यमंत्री हैं।

 

30 सितंबर को हाई कोर्ट की सिंगल बेंच ने येदियुरप्पा की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए लोकायुक्त अदालत की कार्यवाही पर अंतरिम रोक लगा दी थी। हालांकि 4 अक्टूबर को हाई कोर्ट के दो जजों की बेंच ने यह रोक हटा दी थी। इसके बाद लोकायुक्त अदालत की कार्यवाही का रास्ता साफ हो गया था।

First Published: Monday, October 17, 2011, 21:35

comments powered by Disqus