रणवीर सेना प्रमुख की हत्या, बिहार में हाई अलर्ट

रणवीर सेना प्रमुख की हत्या, बिहार में हाई अलर्ट

रणवीर सेना प्रमुख की हत्या, बिहार में हाई अलर्टआरा/पटना : बिहार के भोजपुर जिले में प्रतिबंधित जातीय संगठन रणवीर सेना के प्रमुख ब्रहमेश्वर सिंह की हत्या के बाद आरा शहर में हुए जबर्दस्त उपद्रव, तोड़फोड और आगजनी के बाद शहर में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और पूरे राज्य में शुक्रवार को हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आज सुबह सैर के दौरान अज्ञात हमलावरों ने नवादा थाना क्षेत्र के कतिरा मुहल्ले में अंधाधुंध गोलीबारी कर रणवीर सेना के प्रमुख ब्रहमेश्वर सिंह उर्फ ब्रहमेश्वर मुखिया की हत्या कर दी। घटना के बाद उग्र समर्थकों ने आरा शहर में जमकर उपद्रव, तोड़फोड और कई स्थानों पर आगजनी की। उपद्रव को देखते हुए आरा शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है और आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों को बुलाया गया है।

राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (विधि व्यवस्था) एसके भारद्वाज ने बताया कि हत्या के विरोध में उपद्रव, तोडफोड और आगजनी को देखते हुए आरा शहर में धारा 144 लागू कर दी गई। पूरे राज्य में संवेदनशील स्थानों पर अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि रोहतास, पटना, बक्सर से अतिरिक्त पुलिस बल और बिहार सैन्य पुलिस बल की बटालियन संख्या ।, 2, 5, 10 और 14 की टुकड़ियों को आरा बुलाया गया है। भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है।

भारद्वाज ने बताया कि पुलिस महानिदेशक अभयानंद ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले का जायजा लिया। वहीं अपनी सेवा यात्रा के क्रम में भागलपुर का दौरा कर रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाये रखने की अपील की है। ब्रह्मेश्वर सिंह की हत्या के बाद रणवीर सेना के हजारों समर्थकों ने विरोध में कई सरकारी कार्यालयों और स्टेशनों पर आगजनी और तोड़फोड़ की। आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक एसआर नायक और भाजपा विधायक संजय सिंह टाइगर के साथ भी धक्का मुक्की की। उपद्रवियों ने शहर में जगह जगह चक्का जाम कर दिया और आगजनी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों ने स्थानीय सर्किट हाउस में आग लगा दी जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी आगामी सेवा यात्रा के दौरान ठहरने वाले थे।

ब्रह्मेश्वर मुखिया की हत्या के विरोध में उनके समर्थकों ने कृषिभवन, आरा प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय और आरा स्टेशन में तोड़फोड़ और आगजनी की। सूत्रों ने बताया कि उपद्रवियों ने आरा डेयरी के चार वाहनों में आग लगा दी और सड़कों पर अवरोध लगाकर चक्काजाम कर दिया। आरा के अनुमंडल अधिकारी धर्मेंश कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर पूरे आरा शहर में धारा 144 लगा दी गयी है। उन्होंने बताया कि शाम को स्थिति की समीक्षा के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।

रणवीर सेना के प्रवक्ता अजय सिंह ने बताया कि संगठन के समर्थक औरंगाबाद, सासाराम, जहानाबाद, अरवल और गया से आज आरा पहुंचेंगे जहां आगे की रणनीति तय की जाएगी। बिहार में प्रतिबंधित जातीय संगठन रणवीर सेना पर कई जातीय नरसंहारों को अंजाम देने के आरोप हैं। सिंह पर इन नरसंहारों की साजिश रचने का आरोप था। इन नरसंहारों में दिसंबर 1996 में हुआ लक्ष्मणपुर बाथे नरसंहार शामिल है जिसमें 61 दलितों की हत्या कर दी गई थी।

उल्लेखनीय है कि 1976 से 2001 के बीच ब्रह्मेश्वर ने अपनी तरह की सेना बनाकर भूमिहीन गरीबों के लिए अभियान चलाया था। इसके साथ ही 1990 के दशक में जहानाबाद, औरंगाबाद और नवादा जिले में हुए नरसंहारों में भी ब्रह्मेश्वर का हाथ होना संदिग्ध था। मुखिया जी की हत्या की खबर पाकर उनके हजारों समर्थक घटनास्थल पर पहुंच गये और सरकार विरोधी नारे लगाए।

रणवीर सेना प्रमुख के रूप में नरसंहार से संबंधित 22 मामलों में से सिंह 16 में बरी हो चुके थे और छह में जमानत पर थे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया रणवीर सेना समर्थकों ने आरा स्टेशन पर तोड़फोड़ की और अनेक वाहनों में आग लगा दी। इसके अलावा उन्होंने एक हरिजन छात्रावास और सर्किट हाउस, कृषि भवन, प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय, बिहार शिक्षा परियोजना आदि सरकारी कार्यालयों में आगजनी और तोड़फोड़ की।

समर्थकों ने सड़कों पर अवरोधक लगाकर यातायात बाधित किया और आरा डेयरी के चार और प्रखंड कार्यालय में सात वाहनों को फूंक दिया। वहीं, जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष बीते छह दिन से धरना प्रदर्शन पर बैठे भाकपा माले कार्यकर्ताओं पर हमले की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी प्रतिमा एस वर्मा के निर्देश पर नगर पुलिस ने उन्हें उठाकर सुरक्षित स्थान पहुंचा दिया। (एजेंसी)

First Published: Saturday, June 2, 2012, 00:44

comments powered by Disqus