Last Updated: Thursday, April 11, 2013, 13:14
रांची : रांची की मेयर रमा खलको के खिलाफ एक स्थानीय अदालत के वांरट जारी करने के बाद से वह फरार हैं। गत 8 अप्रैल को हुए मेयर चुनाव में कथित तौर पर हुए ‘कैश फॉर वोट’ घोटाले के संदर्भ में उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया है।
पुलिस ने बताया कि उसने खलको के खिलाफ तलाशी अभियान छेड़ दिया है लेकिन अभी तक उनका कोई अता-पता नहीं मिला है। शहर के एक होटल से 7 अप्रैल को 21.9 लाख रुपए बरामद हुए थे और होटल में लगे एक सीसीटीवी में खलको और अन्य को भीतर जाते देखा गया था, इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने यह वारंट जारी किया है।
पुलिस ने खलको, सुधीर कुमार साहू और एक स्थानीय कांग्रेस नेता निरंजन शाह के खिलाफ इस संदर्भ में एक प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि इनमें से साहू और शाह को गिरफ्तार कर नौ अप्रैल को अदालत के समक्ष पेश कर दिया गया, लेकिन खलको अभी फरार हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, April 11, 2013, 13:14