Last Updated: Monday, December 26, 2011, 12:19
राजगीर (बिहार) : बिहार के नालंदा जिले में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर में जदयू के विधायकों और विधानपाषर्दों के लिए आयोजित दो दिवसीय शिविर का सोमवार को समापन हो गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानमंडल के सदस्यों को विकास के कार्यक्रम को लागू करने में सरकार को मदद करने की अपील की।
नीतीश ने विधायकों को बताया कि राज्य की जनता की सेवा के लिए विधायी लोकतंत्र सबसे सशक्त माध्यम है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि शिविर के दौरान राज्य के मंत्रियों ने विधायकों के सवालों और उनकी समस्या का जवाब दिया और क्षेत्रवार उठाये गये कदमों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि वे विकास के कार्य योजना पर अपना ध्यान केंद्रित करें।
सूत्रों ने बताया कि अजातशत्रु होटल में आयोजित कार्यक्रम में अंतिम दिन मुख्यमंत्री विधायिका और कार्यपालिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नीतिगत प्रश्नों पर विधायकों का विचार जाना। मुख्यमंत्री ने जदयू के वृक्षारोपण सह सदस्यता कार्यक्रम को विधायकों से गंभीरता लेने और अपने एक माह के वेतन देने की अपील की।
इसके अलावा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए गए अभियान, कृषि कैबिनेट तथा लोकायुक्त कानून जैसे पहल के बारे में जानकारी दी गई। दो दिवसीय शिविर के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और मीडियाकर्मियों को प्रवेश की अनुमति नहीं थी।
(एजेंसी)
First Published: Monday, December 26, 2011, 18:49