Last Updated: Wednesday, January 23, 2013, 12:17

नई दिल्ली: गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनाथ सिंह को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नया अध्यक्ष चुने जाने की सम्भावनाओं के बीच उन्हें बधाई दी और कहा कि इस कदम से पार्टी को फायदा होगा। मोदी ने ट्विटर पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा, "मैंने श्री राजनाथ सिंह जी से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी। वह अपने साथ संगठन और प्रशासन दोनों के गहरे अनुभव साथ लाए हैं।"
उन्होंने लिखा, "राजनाथ अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में कृषि मंत्री रह चुके हैं। वह हमेशा किसानों के हित से जुड़े रहे हैं। भाजपा को उनसे फायदा होगा"
मंगलवार को नाटकीय घटनाक्रम के बीच भाजपा अध्यक्ष नीतिन गडकरी ने यह घोषणा की थी कि वह दूसरी बार पार्टी के अध्यक्ष नहीं बनना चाहते। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिह सम्भवत: गडकरी का स्थान लेंगे।
राजनाथ का नाम पार्टी के अन्य नेताओं अरुण जेटली, वैंकैया नायडु, राम लाल और अनंत सिंह के बीच हुई बैठकों के बाद आया है। फिलहाल दिल्ली में भाजपा नेताओं की बैठक चल रही है और नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा दोपहर तक किए जाने की सम्भावना है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, January 23, 2013, 12:17