राजस्थान: डॉक्टरों की हड़ताल से 61 मरे - Zee News हिंदी

राजस्थान: डॉक्टरों की हड़ताल से 61 मरे

ज़ी न्यूज ब्यूरो

 

जयपुर: राजस्थान में डॉक्टरों की हड़ताल का सोमवार को छठा  दिन है। इस हड़ताल में मरीजों के मरने का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है और अबतक 61 मरीज चिकित्सा के अभाव में दम तोड़ चुके है।  राज्य में चिकित्सा सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं।

 

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चिकित्सकों की हड़ताल से कड़ाई से निपटने का निर्णय करते हुए हड़ताल पर गये दो मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों और दस चिकित्सा अधिकारियों को  देर रात सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया । अब राजस्थान सरकार हड़ताली चिकित्सकों से सख्ती से निपटने का मन बनाते हुए हड़ताली चिकित्सकों के सेवा रिकार्ड में हड़ताल के समय को व्यवधान मानने और हड़ताली चिकित्सकों को निलंबित करने पर विचार कर रही है।

 

गहलोत ने चिकित्सा हड़ताल की समीक्षा करने के बाद इन अधिकारियों को सेवा से बख्रास्त करने का फैसला लिया । अधिकारिक सूत्रों ने भाषा को यह जानकारी देते हुए बताया कि जिन अधिकारियों पर चिकित्सा सेवा को नियमित बनाये रखने की जिम्मेदारी थी वही अधिकारी हड़ताल पर चले जाने के कारण चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हुई ।

 

राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल का दौरा किया और हालात का जायजा लिया। राज्य सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए सेना, सीमा सुरक्षा बल और रेलवे के डॉक्टरों की मदद मांगी है।

 

करीब 3500 रेजीडेंट डॉक्टर और 20000 राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) के संविदा कर्मचारियों सहित हजारों सेवारत डॉक्टर पिछले बुधवार से हड़ताल पर हैं।

First Published: Monday, December 26, 2011, 18:39

comments powered by Disqus