रायबरेली में बनेगा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय महिला विश्वविद्यालय

रायबरेली में बनेगा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय महिला विश्वविद्यालय

नई दिल्ली : केंद्र ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में महिलाओं के लिए एक राष्ट्रीय विश्वविद्यालय खोलने का फैसला किया है। केवल महिलाओं के लिए यह देश का पहला विश्वविद्यालय होगा। विश्वविद्यालय का नाम पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नाम पर रखा जाएगा।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को यहां हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने संवाददाताओं को बताया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय महिला विश्वविद्यालय विधेयक 2013 को संसद के आगामी मानसून सत्र में पेश किया जाएगा। विधेयक पारित होने के बाद विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए कदम उठाए जाएंगे। 12वीं योजनावधि के दौरान विश्वविद्यालय पर 500 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है।

तिवारी ने कहा कि इस विश्वविद्यालय की स्थापना से देश में महिलाओं के चहुंमुखी विकास का रास्ता तैयार होगा। साथ ही महिला सशक्तीकरण के सरकार के प्रयासों को भी बल मिलेगा। देश की 121 करोड़ आबादी में 58.6 करोड़ महिलाएं हैं, जिनमें से 9.5 करोड़ महिलाएं उत्तर प्रदेश में हैं। अपने राजनीतिक जीवन के एक बड़े हिस्से में इंदिरा गांधी ने रायबरेली का प्रतिनिधित्व किया था। इस समय रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, July 11, 2013, 16:06

comments powered by Disqus