राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी आज आएंगे रांची

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी आज आएंगे रांची

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी आज आएंगे रांची रांची : राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी दो दिनों की यात्रा पर सोमवार को दोपहर रांची पहुंचेंगे और यहां से सीधे दुमका के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां वह सिदो-कान्हू विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे।

राजभवन के प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रपति आज नयी दिल्ली से दोपहर 12 बजकर 55 मिनट पर विशेष विमान से रांची पहुंचेंगे जहां से वह गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करने के बाद वायुसेना के हेलीकाप्टर से दुमका रवाना हो जाएंगे, जहां वह आज सिदो कान्हू विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में तीन बजे शामिल होंगे। दीक्षांत समारोह के बाद राष्ट्रपति शाम पौने पांच बजे रांची के लिए रवाना हो जाएंगे। रांची में उन्हें आज राजभवन में रात्रि विश्राम करना है जिसके पूर्व रात्रि आठ बजे उनके लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

राष्ट्रपति कल सुबह दस बजकर 25 मिनट पर गोड्डा में 1320 मेगावाट के जिंदल बिजली घर और झारक्राफ्ट के 100 करोड़ रुपये के मेगा हैंडलूम क्लस्टर की आधारशिला रखेंगे। राष्ट्रपति कल दोपहर गोड्डा से ही देवघर जाएंगे जहां बाबा धाम में भगवान शंकर की पूजा अर्चना करेंगे और शाम का रांची लौटकर पांच बजकर पचास मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। (एजेंसी)

First Published: Monday, April 29, 2013, 10:22

comments powered by Disqus