राहुल की आंखो में राजीव का सपना: सैम - Zee News हिंदी

राहुल की आंखो में राजीव का सपना: सैम

कानपुर : प्रधानमंत्री के सलाहकार सैम पित्रौदा ने कहा कि कांग्रेस और उसके महासचिव राहुल गांधी का सोचना है कि अगर हमारा देश आठ से नौ प्रतिशत की दर से तरक्की करता है तो उत्तर प्रदेश इससे एक प्रतिशत ज्यादा नौ से दस प्रतिशत की दर से तरक्की करे। तभी उत्तर प्रदेश देश के अन्य प्रदेशों से बराबरी कर पाएंगा।

 

कांग्रेस के विधानसभा चुनाव का दृष्टि पत्र उत्तर प्रदेश 2020 जारी करते हुए पित्रौदा ने कहा कि पहले मैं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ जुड़ा और उनका सपना था कि देश में तकनीकी विकास हो और सूचना प्रौद्योगिकी में वह दुनिया में अपना एक मुकाम बनाए। राजीव गांधी का सपना कुछ हद तक पूरा भी हुआ लेकिन उत्तर प्रदेश को तकनीक दृष्टि से आगे बढ़ाने का उनका सपना अभी पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि इसे पूरा करने की ललक उनके बेटे राहुल गांधी की आंखो में दिखती है।

 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाना हो तो यहां तकनीक और युवाओं की प्रतिभा को बढ़ावा देना ही होगा। पित्रौदा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आईआईटी कानपुर और अन्य तकनीकी संस्थानों से पढ़े युवक आज दूसरे प्रदेशों में ही नहीं बल्कि दुनिया के अन्य देशों में अपनी कामयाबी का झंडा बुलंद किए हुए है। अगर इन युवाओं को उत्तर प्रदेश में काम करने का मौका मिले तो इससे प्रदेश की तरक्की तो होगी ही साथ ही तकनीक के क्षेत्र में भी प्रदेश सबसे आगे होगा।

 

देश में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में सैम पित्रौदा ने कहा, ‘अगर हर व्यक्ति खुद ईमानदार हो जाए तो फिर देश में भ्रष्टाचार कहां रह जाएगा।’ अन्ना हजारे के जनलोकपाल आंदोलन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं। वह एक प्रौद्योगिकी से जुड़े व्यक्ति हैं इसलिए इस तरह के सवाल उनसे न पूछे जाएं। प्रदेश में मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नही है। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 27, 2012, 19:02

comments powered by Disqus