Last Updated: Friday, January 20, 2012, 12:14
बेंगलुरू: केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा कांग्रेस महासचिव गुलाम नबी आजाद ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी को भाजपा नेता उमा भारती द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ की गयी टिप्पणी को अधिक महत्व नहीं देना चाहिए तथा इसके बजाय उत्तर प्रदेश में पार्टी को सत्ता में वापस लाने सहित अन्य मुद्दों पर ध्यान केन्द्रित करना चाहिए।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘मैं यह नहीं मानता हि हमें ऐसी टिप्पणियों को महत्व देना चाहिए। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी को सत्ता में वापस लाने जैसे मुद्दों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।’ आजाद ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश में पिछले 20 से 22 सालों में क्षेत्रीय पार्टियों के शासनकाल में विकास का मुद्दा हाशिये पर चला गया।’
उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने पर अधिक ध्यान केन्द्रित करना चाहिए राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते उसका दृष्टिकोण व्यापक होता है। राष्ट्रीय पार्टियों का ध्यान विकास मुद्दों पर अधिक केन्द्रित होता है।’
आजाद की यह प्रतिक्रिया उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा की टिप्पणी के ठीक विपरीत है। रीता ने कहा था कि उमा ने राहुल के खिलाफ जो टिप्पणी की उसका लहजा ठीक नहीं था तथा उत्तर प्रदेश के लोग आयातित नेता को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
राहुल गांधी ने उमा के खिलाफ यह टिप्पणी की थी कि वह उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ रही हैं जबकि वह मध्य प्रदेश की हैं। इस पर पलटवार करते हुए उमा ने कहा था कि युवा नेता को यह याद रखना चाहिए कि उनकी मां एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इटली की हैं और उन्हें भारत में स्वीकार किया गया।
उमा ने राहुल को आड़े हाथों लेते हुए कहा था, ‘सोनिया गांधी इटली से आयी थी और उन्हें भारत में स्वीकार किया गया। यदि इटली की सोनिया को भारत में स्वीकार किया जा सकता है तो मैं तो केवल मध्य प्रदेश से हूं। राहुल को अपनी मां की पृष्ठभूमि याद रखनी चाहिए। उसके बाद ही उन्हें अपनी बुआ पर टिप्पणी करनी चाहिए।’
(एजेंसी)
First Published: Friday, January 20, 2012, 17:44