Last Updated: Tuesday, April 23, 2013, 20:31
टीकमगढ़: मध्य प्रदेश में एक और किशोरी हवस का शिकार बनी है। पीड़िता का जला हुआ शव संदिग्ध हालत में मिला है। यह मामला टीकमगढ़ जिले का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के चंदोली गांव में एक किशोर ने किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया। किशोरी का जला हुआ शव उसके ही घर के भीतर मिला। घटना सोमवार देर रात की है।
पुलिस अधीक्षक अमित सिंह का कहना है कि किशोरी और उसके साथी को परिजनों ने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। आशंका है कि उसी के बाद किशोरी ने आग लगाकर जान दे दी। उसने यह कदम लोकलाज के चलते उठाया।
वहीं किशोरी के परिजनों का कहना है कि आरोपी ने पहले उनकी पुत्री की अस्मत लूटी और फिर आग लगाकर हत्या कर दी। किशोरी के भाई का कहना है कि वह जब घर पहुंचा तो उसने आरोपी को देखा, इस पर उसकी आरोपी से हाथापाई भी हुई। उसने मौके से भाग कर पिता को सूचना दी। जब तक वह पिता के साथ वापस घर लौटकर आता, किशोरी जली हुई अवस्था में मृत मिली।
पुलिस के अनुसार आरेापी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दुष्कर्म व आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
राज्य में बीते एक सप्ताह के दौरान सात से ज्यादा दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं। सिवनी के घंसौर में हवस का शिकार बनी चार साल की बालिका अभी भी नागपुर के अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। (जेंसी)
First Published: Tuesday, April 23, 2013, 20:31