Last Updated: Friday, October 12, 2012, 17:46
चंडीगढ़ : हरियाणा में रेप की बढ़ती घटनाओं को लेकर आलोचना का सामना कर रही सत्तारुढ़ कांग्रेस अब एक और विवाद में फंसती नजर आ रही है। पार्टी के एक स्थानीय नेता का कहना है कि रेप के 90 प्रतिशत मामलों में ‘सहमति’ होती है। हालांकि बाद में वह अपने बयान से पलट गए और कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं पार्टी के हिसार जिला प्रवक्ता धरमबीर गोयत ने गुरुवार रात हिसार में संवाददाताओं से कहा, ‘रेप के 90 प्रतिशत मामले लड़के और लड़कियों के बीच सहमति से बनाए गए संबंध होते हैं।’ उनसे राज्य में रेप की बढ़ती घटनाओं के बारे में सवाल किया गया था। विपक्षी इंडियन नेशनल लोकदल, हरियाणा जनहित कांग्रेस और भाजपा इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साध रहे हैं।
गोयत ने कहा, ‘लड़की का लड़के के साथ अफेयर हो जाता है और लड़की बिना यह जानकारी लिए लड़के के साथ चली जाती है कि वह आपराधिक मानसिकता का है। रेप की घटनाओं के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार नहीं है। वास्तव में अधिकतर मामलों में रजामंदी होती है।’ उन्होंने कहा, ‘90 प्रतिशत मामलों में लड़कियां और महिलाएं लड़कों के साथ अपनी मर्जी से जाती हैं और बाद में अपराधियों द्वारा गैंगरेप में फंस जाती हैं।’ उन्होंने कहा कि रेप की सबसे अधिक घटनाएं उत्तर प्रदेश में होती हैं।
गोयत ने कहा, ‘हरियाणा में सभी रेप आरोपियों को जेल भेजा गया है। इनकी कोई जाति नहीं होती है। हिसार जिले में एक साल में ही रेप के 38 मामले सामने आए।’ उन्होंने कहा कि कई मामलों में दलित लड़कियों के साथ रेप में दलित लड़के शामिल थे। उनके बयान का जोरदार विरोध होने पर गोयत ने कहा कि उनकी टिप्पणी को तोड़ मरोड़ कर और गलत रूप से पेश किया गया। गोयत ने यह भी कहा कि उन्होंने पार्टी की ओर से यह बयान नहीं दिया है। बयान उनके निजी विचार हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, October 12, 2012, 17:46