Last Updated: Thursday, January 3, 2013, 22:52
गुवाहाटी : असम के चिरांग जिले में कांग्रेस के नेता द्वारा कथित तौर पर एक महिला के साथ दुष्कर्म करने पर गांव वालों ने पिटाई की जिसके बाद कांग्रेसी नेता को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला के पति ने प्राथमिकी दर्ज कराई जिसमें आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस नेता विक्रम सिंह ब्रह्मा ने कल रात उनकी पत्नी के साथ बलात्कार किया।
टीवी चैनलों ने उग्र भीड़ द्वारा ब्रह्मा की पिटाई के दृश्य प्रसारित किए। ब्रह्मा ने 2011 में सापागुड़ी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। चिरांग के पुलिस अधीक्षक कुमार संजीव कृष्णा ने कहा कि महिला के पति की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पुलिस ने आज ब्रह्मा को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि भारत-भूटान सीमा के पास शांतिपुर इलाके के लोगों ने घटना का पता चलने के बाद ब्रह्मा का घेराव किया और बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कांग्रेसी नेता को हिरासत में लिया।
ब्रह्मा बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद के कांग्रेस समन्वयक हैं और बकसा जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष हैं। विपक्ष द्वारा विरोध किये जाने के बाद घटना से शर्मिंदा कांग्रेस ने ब्रह्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया। इस घटना की निंदा करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने कहा कि यदि ऐसे वीभत्स अपराध के मामले में कोई दोषी पाया जाता है तो उसे छोड़ा नहीं जायेगा चाहे वह कांग्रेस का नेता ही क्यों न हो। (एजेंसी)
First Published: Thursday, January 3, 2013, 22:52