लाल चंदन की तस्करी रोकने को विशेष अभियान

लाल चंदन की तस्करी रोकने को विशेष अभियान

हैदराबाद : सेशचलम पहाड़ी क्षेत्र में चित्तूर पुलिस ने एक विशेष अभियान चला कर इस साल 90 टन लाल चंदन जब्त किया है और इस सिलसिले में 684 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। चित्तूर जिले की पुलिस ने करीब एक साल पहले सेशचलम वन क्षेत्र में लाल चंदन की तस्करी रोकने के लिए समीपवर्ती जिलों की पुलिस तथा वन अधिकारियों के साथ मिल कर एक विशेष अभियान चलाया था।

चित्तूर के पुलिस अधीक्षक कांतिराणा टाटा ने बताया, ‘इस अभियान के तहत हम अंतरराष्ट्रीय तस्करों को दूर रखने में सफल रहे हैं। बीते दो माह में तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल से दर्जनों लोगों को लाल चंदन की तस्करी के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस साल एक नवंबर तक कम से कम 90 टन लाल चंदन जब्त किया है। पिछले साल इसी अवधि में 60 टन लाल चंदन जब्त किया गया था। लाल चंदन की तस्करी के सिलसिले में 114 मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले साल ऐसे मामलों की संख्या 66 थी।

टाटा ने बताया कि इस साल जनवरी से अब तक लाल चंदन की तस्करी के सिलसिले में 684 लोगों को पकड़ा गया जबकि पिछले साल 335 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चेन्नई, मंगलोर, बेंगलूर, मुंबई और पूर्वोत्तर राज्यों से तस्करी के तार जुड़े हुए हैं और तस्करों के एजेंट दुबई तक हैं। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, November 28, 2012, 16:02

comments powered by Disqus