Last Updated: Saturday, December 31, 2011, 10:49
श्रीनगर: जम्मू एवं कश्मीर की गृष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापमान में जारी गिरावट के बीच नववर्ष की पूर्व संध्या पर काफी पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। शनिवार को न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री दर्ज किया गया। कश्मीर में स्थिति फिर भी बेहतर रही लेकिन लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 18 डिग्री नीचे चला गया, जो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 18.4 डिग्री सेल्सियस कम मापा गया। यह इस मौसम का सबसे कम तापमान है। कारगिल में यह शून्य से 15 डिग्री नीचे रहा।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.4 डिग्री कम दर्ज किय गया। उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग स्की रेजार्ट में तापमान शून्य से 9 डिग्री सेल्सियस कम रिकार्ड किया गया।
रात में मौसम खुला रहने के कारण राज्य के प्रमुख जल स्रोत बर्फ में तब्दील होने लगे हैं। पानी के जिन स्रोतों पर रूस के साइबेरिया, चीन एवं अन्य स्थानों से सैलानी पक्षी आते थे, वे अब जम चुके हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति आने वाले कुछ दिनों तक बरकरार रहेगी। ध्रुवीय हवाओं के कारण अगले चार दिनों तक घाटी और लद्दाख क्षेत्र में तापमान के जस के तस बने रहने की सम्भावना है।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, December 31, 2011, 16:19