Last Updated: Saturday, December 22, 2012, 14:42
लखनऊ : अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाए जाने के मामले के अभियुक्तों समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद बृजभूषण शरण सिंह तथा पूर्व विधायक पवन पाण्डेय ने शनिवार को लखनऊ की विशेष सीबीआई अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। गत 17 दिसम्बर को सिंह तथा पाण्डेय के अदालत में पेश नहीं होने पर न्यायालय ने उनके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया था।
विशेष न्यायाधीश (सीबीआई) लखनऊ शशिमौलि तिवारी ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में जारी गिरफ्तारी वारंट को वापस ले लिया और मामले में गवाही के लिए अगली तारीख 24 दिसम्बर मुकर्रर की।
सीबीआई के वकील ललित कुमार सिंह ने बताया कि आज सांसद बृजभूषण सिंह तथा पूर्व विधायक पवन पाण्डेय ने अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिस पर न्यायालय ने उनके खिलाफ पूर्व में जारी गैर जमानती वारंट को वापस ले लिया।
विदित हो कि छह दिसम्बर 1992 को अयोध्या का विवादित ढांचा विध्वंस सम्बन्धी यह आपराधिक मामला लखनऊ की विशेष सीबीआई अदालत में चल रहा है। इसमें 89 लोगों की गवाही हो चुकी है। गत 17 दिसम्बर को सीबीआई के वकील 90वें गवाह के साथ अदालत में पेश हुए थे लेकिन उक्त दोनों आरोपी अदालत में हाजिर नहीं हुए थे।
अभियुक्तों की तरफ से ना तो कोई वकील पेश हुआ और ना ही हाजिरी माफी की अर्जी दी गयी। इस पर अदालत ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर अगली सुनवाई की तारीख 22 दिसम्बर मुकर्रर की थी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, December 22, 2012, 14:42